बाजपुर। हाईवे पर मजदूूरों से भरी पिकप और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें बाइक सवार दो युवकों की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक भर्ती है। दोनों मृतक यूपी के मसवासी (रामपुर) के निवासी बताए गए हैं।
बुधवार सुबह रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे स्थित एक स्कूल के पास मजदूरों से भरी पिकप और बाइक सवार की आमने सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार यूपी के मसवासी रामपुर निवासी आबिद अली, बहादुर अली और हफिज अहमद ऊर्फ कलुआ गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से बाजपुर सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर होने पर आबिद अली (35) और बहादुर अली (30) को हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन घायलों को यूपी के मुरादाबाद निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान आबिद अली और बहादुर अली ने दम तोड़ दिया। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शवों को घर ले आए। मृतक बाइक सवार युवक मजदूरी करने जा रहे थे। दोराहा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल जोशी ने बताया कि वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी। बताते हैं कि हादसे के दौरान पिकप सड़क किनारे जाकर नाले के रूप में बनी खाई में जाकर पलट गई। उसमें सवार करीब 10-12 मजदूर चोटिल हो गए। मजदूर अन्य वाहन से गंतव्य को रवाना हो गए।