कोसी से सटे इलाके में एक दबंग ने जबरन जंगल की जमीन पर जेसीबी चलाकर सड़क बनानी शुरू कर दी है। बताया जाता है कि दबंग पर बड़े नेताओं का वरदहस्त है। चर्चा है कि जंगल से ‘स्पेशल रास्ता’ बनाकर दबंग धड़ल्ले से नदी से रेता, बजरी, पत्थर आदि का खनन करना चाहता है। दबंग ने शनिवार को सड़क बनाने के लिए गुर्गे लगा दिए हैं, पर वन महकमे के कर्मी उसकी ताकत के चलते मूकदर्शक बने रहे।
रामनगर और आसपास का इलाका अवैध खनन के लिए बदनाम रहा है। उसे रोकने की कोशिश करने वाले अफसरों पर दबंग हमला करने से पीछे नहीं रहते हैं। प्रशिक्षु रहे डीएफओ नीतेशमणि त्रिपाठी से लेकर कल्याणी तक को दबंग जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। वन महकमे की टीम पर भी कई बार हमला हो चुका है।
अब मामला रामनगर रेंज का है। बताया जाता है कि गुलजारपुर क्षेत्र में अर्जुन नाले के पास खनन से जुड़ा एक व्यक्ति लंबे समय से वन महकमे पर अवैध तरीके से जंगल से रास्ता देने को दबाव बना रहा था। इसके लिए बड़े नेताओं से लेकर सहयोगियों तक से फोन कर दबाव बनाने में लगा था। जब वन विभाग की टीम ने आरक्षित वन भूमि में जगह नहीं दी, तो उसने जबरन जेसीबी के जरिए रास्ता बनाना शुरू कर दिया है। दबंग की ‘ताकत’ और ‘संपर्क’ के चलते हुंकार भरने वाले वन कर्मी केवल मूकदर्शक बने हुए हैं। डीएफओ राहुल कहते हैं कि सूचना मिली है, मामले का परीक्षण कराया जा रहा है।