उत्तराखंड हाईकोर्ट ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से कई न्यायिक अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह अधिसूचना कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के आदेशानुसार रजिस्ट्रार जनरल कौशल किशोर शुक्ला द्वारा जारी की गई है। स्थानान्तरण सूची के अनुसार अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट पॉक्सो एक्ट काशीपुर रितेश कुमार श्रीवास्तव का स्थानांतरित कर हाईकोर्ट नैनीताल में रजिस्ट्रार के रिक्त पद पर तैनात किया गया है।
हाईकोर्ट के वर्तमान रजिस्ट्रार विक्रम को रजिस्ट्रार प्रोटोकॉल के पद पर नई जिम्मेदारी दी गई है। द्वितीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश काशीपुर जिला ऊधमसिंह नगर के उदय प्रताप सिंह को स्थानांतरित कर काशीपुर में ही अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/फास्ट ट्रैक स्पेशल कोर्ट पॉक्सो एक्ट के पद पर नियुक्त किया गया है। हरिद्वार के पांचवें अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरुण वोहरा को स्थानांतरित कर हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार के पद पर तैनात किया गया है। नैनीताल के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि शंकर मिश्रा का स्थानांतरित कर उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति, नैनीताल का सचिव नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट लीगल समिति नैनीताल की वर्तमान सचिव नेहा कुशवाहा को स्थानांतरित कर नैनीताल का मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बनाया गया है। अन्य महत्वपूर्ण प्रशासनिक सिफारिशें - पंकज कुमार तोमर स्थायी लोक अदालत नैनीताल के चेयरमैन के नाम की संस्तुति हल्द्वानी नैनीताल स्थित खाद्य सुरक्षा अपील अधिकरण के पीठासीन अधिकारी के पद पर तैनाती हेतु राज्य सरकार को भेजी गई है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश, नैनीताल को उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से स्थायी लोक अदालत, नैनीताल के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के लिए अनुशंसित किया गया है। सयन सिंह राज्य स्तरीय पुलिस शिकायत प्राधिकरण, देहरादून के सचिव-सह-रजिस्ट्रार को देहरादून में परिवार न्यायालय के अपर प्रधान न्यायाधीश-1 के पद पर नियुक्त किए जाने के लिए राज्य सरकार को संस्तुति भेजी गई है। नीलम रात्रा हरिद्वार की प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश को उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार के कानूनी सलाहकार का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के लिए राज्य सरकार को संस्तुति दी गई है । रीना नेगी को उत्तराखंड राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग, देहरादून की रजिस्ट्रार को राज्य स्तरीय पुलिस शिकायत प्राधिकरण, उत्तराखंड, देहरादून के सचिव-सह-रजिस्ट्रार का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने हेतु अनुशंसित किया गया है।