हल्द्वानी। तीनपानी बरेली रोड से काठगोदाम नरीमन तिराहे तक सड़क चौड़ीकरण से पहले सीमांकन में प्रशासन के पसीने छूट रहे हैं। बरेली रोड पर धार्मिक संरचना के पास जमीन की पैमाइश को लेकर शुक्रवार को लोगों ने टीम का विरोध किया। काफी देर तक दोनों पक्षों में बहसबाजी के बाद मामला शांत हुआ और टीम ने अपना काम शुरू किया।
यूयूएसडीए की ओर से शहर के इस मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण किया जाना है। इससे पहले राजस्व, लोनिवि व सिंचाई विभाग की टीम सीमांकन में लगी है। अभी तक इस सड़क पर 350 अतिक्रमण चिह्नित कर लाल निशान लगाए गए हैं। इस मार्ग को 24 से 30 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। यूयूएसडीए को 10 किमी की इस सड़क के साथ ही कालाढूंगी से कठघरिया तक छह किमी सड़क का 244 करोड़ से चौड़ीकरण करना है। इसका ठेका गाजियाबाद की कंपनी को मिला है। चौड़ीकरण के साथ ही ड्रेनेज व यूटिलिटी डक्ट बनाया जाना प्रस्तावित है।
कुछ लोग पैमाइश का विरोध कर रहे थे, उन्हें समझा-बुझाकर शांत करा दिया। बरेली रोड पर 24 मीटर भूमि पीडब्ल्यूडी और करीब पांच मीटर जमीन सिंचाई विभाग की है। इसी के अनुसार पैमाइश कराई जा रही है।
- गोपाल चौहान, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी