रामनगर। उत्तराखंड लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को लोनिवि निरीक्षण भवन में अध्यक्ष तारा चंद्र घिल्डियाल की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सर्वसम्मति से राजस्व निरीक्षक क्षेत्रों का पुनर्गठन शीघ्र किए जाने के संबंध में प्रस्ताव पारित हुआ। संचालन करते हुए प्रांतीय महामंत्री राधेश्याम पैन्यूली ने नैनीताल में सूरज सिंह लेखपाल को नियम विरुद्ध पदोन्नति देकर नायब तहसीलदार बनाए जाने का विरोध किया तथा अतिशीघ्र उक्त तैनाती को निरस्त करने की मांग की।
कहा कि उत्तराखंड लेखपाल संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र में राजस्व उपनिरीक्षकों के द्वारा आख्या न दिए जाने, प्रशिक्षु राजस्व उपनिरीक्षकों को तत्काल निर्धारित मानदेय देने, राजस्व उपनिरीक्षकों की स्थानांतरण नीति को पारदर्शी तरीके से लागू करने, सदर कानूनगो पदों पर शीघ्र पदोन्नति किए जाने तथा विभागीय पदोन्नति तय समय-सीमा पर किये जाने पर जोर दिया।
बैठक में संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी का चुनावी अधिवेशन देहरादून में मई में किये जाने की घोषणा और नैनीताल में अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के त्यागपत्र के बाद भूपेश कुमार को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया। वहां पर प्रांतीय कार्यकारिणी के नरेंद्र कांबोज, राजकुमार, मनोज कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष देहरादून हीरा सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष ऊधम सिंह नगर भूपेन्द्र सिंह चौहान, जिलामंत्री नैनीताल हरीश यादव आदि थे।