नैनीताल। राजकीय शिक्षक संघ कुमाऊं मंडल कार्यकारिणी ने प्रदेश के राजकीय विद्यालयों के खुलने और बंद होने के समय में बदलाव का विरोध किया है। ऑनलाइन बैठक कर इस फैसले को निरस्त करने की मांग उठाई है।
राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष डॉ. रविशंकर गुसाई ने कहा कि विभाग ने विद्यालय के संचालन का समय सुबह 8:15 से दोपहर 3:15 बजे तक निर्धारित किया है जो उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थिति और पहाड़ की बुनियादी समस्याओं को ध्यान में रखकर नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मंडल कार्यकारिणी ने प्रांतीय कार्यकारिणी को ज्ञापन भेजकर इस फैसले का विरोध किया है। मंडलीय मंत्री भारतेंदु जोशी ने कहा प्रदेश में अधिकतर 80 फीसदी विद्यालय पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित हैं, ऐसे में यह समय निर्धारण सही नहीं है। उपाध्यक्ष हर्षदीप सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. प्रीति मजगाई, संयुक्त मंत्री कपिल पांडे, महिला संयुक्त मंत्री बबीता सिंह आदि ने भी फैसले का विरोध किया है।