एसएसपी ने एक जुलाई से आपरेशन स्माइल चलाने के लिए फोर्स का खाका तैयार कर लिया है। पहले चरण में आपरेशन में शामिल पुलिस कर्मी प्रशिक्षण लेंगे। इसके बाद लापता बच्चों के संभावित स्थानों का सत्यापन करेंगे।
एसएसपी सेंथिल अबुदई ने अपने कार्यालय में पुलिसकर्मियों की बैठक बुलाई। उन्होंने अधीनस्थों को बताया कि आपरेशन चलाने के लिए पुलिसकर्मियों को पूरी तरह से तैयार करना जरूरी है। इसके लिए पुलिसकर्मियों की छह टीम और एक टेक्निकल टीम गठित की गई है। प्रथम चरण में पुलिसकर्मी शुक्रवार से तीन दिनी प्रशिक्षण लेंगे। इसके बाद आसपास के शेल्टर होम में जाकर बच्चों के स्थानों को सत्यापित करेंगे।
यह टीम बाल श्रमिकों को भी मुक्त कराएगी। अब तक जिले में 34 बच्चे लापता हैं, इनमें 24 बालक और दस बालिका शामिल है। एसएसपी का कहना है कि इस मामले में पुलिस मुख्यालय से पत्र भी आया था। बताया गया है कि पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया जाएगा। बता दें कि आपरेशन को संचालित करने के लिए नैनीताल पुलिस के कुछ जवानों ने पंजाब पुलिस के साथ अभ्यास भी किया था।