पांच सौ रुपये के बाद अब सौ रुपये का नकली नोट भी बाजार में आ गया है। एक झटके में सौ रुपये के नकली नोट की पहचान करना मुश्किल है। कागज और प्रिंटिंग भी असली नोट की तरह है। कई ग्राहक और दुकानदार झांसे में आ चुके हैं। नोट के बीचों-बीच में लगी चमकती लाइन और गांधी जी का वाटर मार्क फीका होने से नकली नोट को पकड़ा जा सकता है।
तल्ली हल्द्वानी मयूर विहार में परचून की दुकान चलाने वाले कुंदन को गुरुवार सुबह एक ग्राहक 100 का नकली नोट पकड़ाकर सामान ले गया। कुंदन के मुताबिक नोट की पहचान करना मुश्किल था। वैसे भी सौ के नकली नोट के बारे में उसने सुना नहीं था। वही नोट जब बिस्कुट के फेरीवाले को दिया तो उसने पहचान लिया।