नगर पालिका क्षेत्र में पड़ने वाले नारायणनगर क्षेत्र के प्रति न तो पालिका प्रशासन गंभीर है और न ही कोई जनप्रतिनिधि। हालत यह है कि इस क्षेत्र में थोड़ी सी बारिश होने पर भी तबाही मच जाती है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि वहां पर जाते जरूर हैं, लेकिन क्षेत्रवासियों को आश्वासन देने के बाद काम कुछ भी नहीं करते।
इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अब क्षेत्रवासियों ने खुद बारिश की वजह से क्षेत्र में हुए भूकटाव से क्षतिग्रस्त हुए नालियों और रास्तों को श्रमदान कर साफ किया। क्षेत्र में यह घटना बुधवार को चर्चा का विषय रही कि श्रमदान कर लोगों ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को आइना दिखाया है।
बता दें बीते वर्ष पांच जुलाई को और इस बार 13 जून को तेज बारिश से नारायणनगर में काफी नुकसान हुआ था। बाद में पालिका के अधिकारियों के साथ ही विधायक सरिता आर्या भी मौके पर पहुंचीं। सभी ने नारायणनगर के लोगों को उचित मदद और कार्यवाही का आश्वासन दिया, लेकिन अब तक कार्यवाही नहीं हुई।
कोई मदद नहीं होने से नाराज क्षेत्र के लोगों ने बुधवार को सामूहिक श्रमदान कर बारिश के पानी की निकासी के लिए बंद पड़ी नालियों की सफाई की और बोल्डर तथा मलबे को हटाया। श्रमदान में नवीन थापा, महेश प्रसाद, रमेश चंद्र, मोहन लाल, श्याम लाल, अशोक कुमार, सुनील, मदन, सुंदर लाल, आशा, चंपा व महराज, कमल, गोविंद, गिरीश आदि ने भाग लिया। ब्यूरो