धारी ब्लाक के अघरिया ग्रामसभा के तोक ठींग में स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का भवन निर्माण का काम छह साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन आज तक पूरा नहीं हुआ। भवन के अभाव में स्कूल गांव में एक व्यक्ति के मकान के एक कमरे में चल रहा है। इस इकलौते कमरे में एक से पांच तक की कक्षाएं संचालित होती हैं।
वो तो गनीमत है कि स्कूल में छात्र संख्या महज 11 है। यदि अधिक होती तो पठन पाठन की क्या स्थिति होती इसका अंदाजा स्वयं ही लगाया जा सकता है। कमरा भी ऐसा है कि बरसात में पानी भीतर तक पहुंच जाता है। छह साल से विद्यालय भवन नहीं बना, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने इसे देखने तक की जहमत नहीं उठाई।
ग्रामसभा के ठींग तोक में बमुश्किल दर्जन भर परिवार ही रहते हैं। यहां तक पहुंचने के लिए गुनियालेख से पांच किमी पैदल मजेला तक का रास्ता घने जंगल से होकर तय करना होता है और उसके बाद मजेला से लगभग इतनी ही दूरी खड़ी चढ़ाई कर पार करनी होती है।
बताया जाता है कि वर्ष 2008-09 में सर्व शिक्षा अभियान के तहत विद्यालय भवन निर्माण के लिए छह लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। विद्यालय भवन का निर्माण शुरू हुआ और दरवाजे और खिड़कियों की चौखटें लगाने के बाद धनाभाव के चलते काम बंद कर दिया गया। देखरेख के अभाव में अब तो चौखटें भी खराब होने लगी हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि वर्ष 2008-09 से ही विद्यालय का संचालन ठींग गांव में उदयराम के घर के एक कमरे में हो रहा है। एक कमरे में पहली कक्षा से लेकर पांचवीं कक्षा तक के 11 बच्चों को बैठाकर पढ़ाया जाता है।
ग्रामीण बताते हैं कि चूंकि स्कूल तक पहुंचने के लिए कई किमी का पैदल रास्ता तय करना होता है, लिहाजा आज तक यहां विभाग का कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है।
बच्चों को पढ़ाने के लिए यहां एक शिक्षक और एक शिक्षा मित्र तैनात हैं। शिक्षा मित्र हीराबल्लभ बताते हैं कि एक कमरे में पांच कक्षाओं के संचालन में दिक्कतें आती हैं।
ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र ने बताया कि धनभाव के चलते विद्यालय भवन का निर्माण अधूरा पड़ा था, दूसरी किश्त की धनराशि प्राप्त होने के बाद काम शुरू करा दिया है।