रामनगर। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने टेढ़ा वन बैरियर पर चेकिंग के दौरान एक कैंटर से 390 टिन अवैध लीसा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कैंटर को लेकर वन विभाग-पुलिस में तकरार हो गई।
बुधवार को मुखबिर की सूचना पर वन विभाग और पुलिस टीम ने टेढ़ा वन बैरियर पर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान कैंटर संख्या यूके18सीए-9562 पहुंचा। टीम ने वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर 390 टिन लीसा बरामद हुआ। इस पर टीम ने कैंटर चालक च्यूरीगाढ़ धारी निवासी प्रेम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। लीसे के स्रोत और उसकी तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस पर वाहन को कोतवाली ले जाने का आरोप
कैंटर में लीसा पकड़े जाने के बाद वन विभाग और पुलिस के बीच विवाद हो गया। रामनगर वन प्रभाग के डीएफओ ध्रुव मर्तोलिया के अनुसार मुखबिर की सूचना पर कोसी रेंज के रेंजर कृष्ण सिंह मेहरा के नेतृत्व में वन कर्मियों की टीम ने कैंटर पकड़ा। इस दौरान चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग गया। उनके अनुसार कैंटर को कोसी रेंज कार्यालय लाया जा रहा था। आरोप लगाया कि सुबह टेड़ा वन चौकी के पास पुलिसकर्मियों ने वाहन रोककर लीसे की गणना की और फर्द तैयार कराई। इसके बाद वन टीम कैंटर को रेंज कार्यालय ले जा रही थी। लखनपुर चौराहे पर पहुंचते ही पुलिस ने कैंटर के आगे वाहन लगाकर रोका और वाहन को कोतवाली ले आई।