रामनगर। सीटीआर के ढेला रेंज में खैर के तीन पेड़ों के अवैध कटान के मामले में वन विभाग ने एक आरोपी करन िंसह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वनाधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
30 मई को ढेला रेंज के हाथीडगर क्षेत्र में वन विभाग की टीम ने खैर के गिल्टे ले जा रहे तस्करों का पीछा किया। आरोपियों को पकड़ने के लिए वनकर्मियों ने छह राउंड फायरिंग की। इसके बाद आरोपी पेड़ काटने के उपकरण, दो बाइक और गिल्टे मौके पर छोड़कर फरार हो गए थे। एसडीओ अमित ग्वासीकोटी ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक टीम बनाई गई थी। बृहस्पतिवार को टीम ने तुमड़िया डैम से करन सिंह मालधन को पकड़ा लिया। पूछताछ में उसने खैर के पेड़ काटने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसके साथ चार अन्य साथी भी शामिल थे। वन विभाग की टीम अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, बताया जा रहा है कि इस प्रकरण में लापरवाही बतरने पर कुछ कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।