ज्योलीकोट। रामलीला मैदान ज्योलीकोट में जन जन के द्वार, जन जन की सरकार के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं हल की गईं। सीडीओ अरविंद कुमार पांडे ने प्रदेश सरकार के कार्यक्रम को ग्रामीण इलाकों के लिए महत्वपूर्ण बताया।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में पांडे ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि कार्यक्रम को औपचारिकता न समझें और समस्याओं का निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, दायित्वधारी नवीन वर्मा, शांति मेहरा, जिला उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ज्येष्ठ प्रमुख उमेश पड़लिया ने अधिकारियों से जनसमस्या के निस्तारण में तेजी लाने को कहा। शिविर में पेयजल, सिंचाई, विद्युत, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई के अंतर्गत निर्माणाधीन मोटर मार्गों के सुधारीकरण, लो वोल्टेज, पानी, जेजेएम योजना में कार्य न होने की शिकायतें दर्ज हुईं। इसमें कई समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया गया। गांजा में पेयजल, सरियाताल में रास्तों को अतिक्रमण से बचाने के लिए सीमांकन आदि समस्याएं भी उठीं। बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और स्वास्थ्य विभाग की ओर से होम्योपैथिक, एलोपैथिक, आयुर्वेदिक दवाएं बांटी गईं।