हल्द्वानी। महाशिवरात्रि के लिए शनिवार को शिव मंदिरों में साफ-सफाई और सजावट का काम हुआ। रविवार को महाशिवरात्रि के दिन तड़के ही मंदिरों में विशेष पूजा शिव स्त्रोतम, जलाभिषेक, रूद्राभिषेक होंगे। मंदिरों के कपाट भी सुबह ही खुल जाएंगे। निलियम कॉलोनी स्थित सिद्देश्वर महादेव मंदिर, बेल बाबा मंदिर, आंवलेश्वर महादेव मंदिर, पीपलेश्वर महादेव मंदिरों में महाशिवरात्रि के दिन भारी भीड़ होने की संभावना है।
.......
फल और फूल की बिकवाली जमकर हुई
हल्द्वानी। महाशिवरात्रि के लिए बाजार में शनिवार को जमकर खरीदारी हुई। लोगों ने फल-फूलों के अलावा व्रत का सामान खरीदा। बेर, केला, संतरा, सेव, अमरूद आदि फलों की मंडी में बिकवाली रही। मंगलपड़ाव सब्जी मंडी में भी पीला कद्दू, शकरकंदी, आलू, खीरा आदि की खरीदारी रही। त्योहार को देखते हुए फल-सब्जियों के दामों में भी उछाल रहा। आमतौर पर 30 से 40 रुपये दर्जन मिलने वाला केला शनिवार को 50 से 60 रुपये दर्जन पहुंचा। संतरा सौ रुपये में डेढ़ दर्जन, अनार 150 से 200 रुपये किलो बिका। बेर के भाव भी 70 से 80 रुपये किलो तक रहे। फूलों में भी धतूरा, बेल की खरीद रही।