हल्द्वानी। हल्द्वानी में बिजली कटौती से पहले एसएमएस अलर्ट की सुविधा ठप पड़ने से उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे रहा है। बिना पूर्व सूचना के हो रहे शटडाउन से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। वहीं लंबे समय तक बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है।
शुक्रवार को टीपीनगर क्षेत्र के जज फार्म फीडर में भी सुबह से शाम तक बिजली गुल रही थी। इससे 10 हजार लोग प्रभावित हुए थे। जल संस्थान की ओर से सुबह और शाम की पाली में जलापूर्ति की जाती है। बिजली बाधित होने से स्कूली बच्चों के साथ ही नौकरी पेशा वाले लोगों की दिनचर्या पर असर पड़ रहा है। कई परिवार ऐसे होते हैं जिनके पास पानी स्टॉक करने के इंतजाम भी नहीं है।
-
शटडाउन का पहले मैसेज आता था, जिस दिन बिजली जाती थी, उससे कुछ घंटे पहले जानकारी मिल जाती थी तो काम आसान होता था लेकिन एक साल से एसएमएस पर यह सुविधा बंद चल रही है। इसे दुरुस्त किया जाना चाहिए। - कैलाश मठपाल, निवासी जज फार्म
ऊर्जा निगम की ओर से न तो बिल और न ही बिजली बाधित होने का मैसेज आ रहा है। सुबह के समय में सबसे अधिक दिक्कत होती है चूंकि यह काम पर जाने का समय होता है और लोग बिजली के उपकरणों पर निर्भर हैं। - भास्कर मेहता, निवासी हीरानगर
लंबे समय से एसएमएस के माध्यम से शटडाउन शेड्यूल की जानकारी नहीं मिल पा रही है जबकि बिल लगातार मिल रहा है। लंबी अवधि तक बिजली जाने से जल संकट से भी जूझना पड़ रहा है। - विशंभर कांडपाल, निवासी जज फार्म
यूपीसीएल की ओर से बिल तो फोन पर भेजा जाता है लेकिन आपूर्ति बाधित होने की जानकारी नहीं दी जाती, घंटों बिजली गुल हो जाती है और पता भी नहीं चलता कब आएगी, इससे दिनभर के कार्य प्रभावित होते हैं। - हरीश कनवाल, निवासी पीलीकोठी
सर्वर के माध्यम से उपभोक्ताओं को एसएमएस भेजा जाता है। यह मुख्यालय से ही संचालित है। यदि लोगों तक महत्वपूर्ण जानकारी नहीं पहुंच रही है तो इसे दिखाया जाएगा।- एसके गुप्ता, ईई ग्रामीण डिविजन
जिन लोगों के फोन निगम में रजिस्टर्ड हैं, उन्हें मैसेज से बिल और अन्य जानकारियां सांझा की जाती है, यदि किसी को दिक्कत है तो वह कार्यालय में आकर फोन नंबर अपडेट करा सकता है। - प्रदीप कुमार, ईई टाउन डिविजन