हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को नर्सिंग पास छात्राएं आउटसोर्स के माध्यम से नौकरी की मांग को लेकर मेडिकल कॉलेज प्राचार्य से मिलीं। करीब 25-30 युवतियों ने प्राचार्य से उन्हें संविदा पर तैनात करने की मांग की।
करीब पांच-छह माह पूर्व मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने संविदा पर नियुक्ति को लेकर विज्ञप्ति निकाली थी। उस समय आउटसोर्स एजेंसी ने इच्छुक प्रतिभागियों को नहीं भेजा। शुक्रवार को नर्सिंग पास आउट छात्राएं अचानक प्राचार्य के पास पहुंचीं। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज ने पूर्व में विज्ञप्ति निकाली थी, इसलिए वे लोग नौकरी के लिए पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक वह अन्य जगह काम कर रही थीं। इस पर प्राचार्य ने उन्हें शासन के नियम का हवाला देते हुए कहा कि अभी रेगुलर नर्सिंग का स्टाफ यहां आने वाला है। करीब दो सौ से अधिक नियुक्ति यहां के लिए हुई हैं। जिसके लिए यहां पूर्व से काम कर रहे संविदा के 150 नर्सिंग स्टाफ को भी हटाया जाना है। ऐसे में आउटसोर्स की नियुक्ति कैसे संभव है।