शहर की सड़कें दुधिया रोशनी से जगमग होंगी। सड़कों के किनारे से स्ट्रीट लाइटों को हटाकर बीचों बीच डिवाइडर में लगाया जाएगा। शुरुआत नैनीताल रोड से होगी। चौराहों का चौड़ीकरण और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा। जगह जगह क्लोज सर्किट कैमरे लगाए जाएंगे।
बरेली रोड मंडी से लेकर काठगोदाम तक सड़क चौड़ीकरण हो चुका है। चौड़ीकरण से कई जगहों पर बिजली के खंभे, ट्रांसफार्मर और होर्डिंग यूनिपोल सड़क पर आ गए हैं। चौड़ीकरण होने के बाद स्ट्रीट लाइटें भी पूरी तरह सड़क पर रोशनी नहीं दे रहे हैं। इससे दुर्घटनाएं हो रही हैं। मंगलवार को शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर नगर निगम में बैठक हुई। मेयर डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने कहा कि स्ट्रीट लाइटों को बीचों बीच डिवाइडर में लगाया जाएगा। सड़क में आने वाले खंभे शिफ्ट होने के साथ पूरी सड़क पर रोशनी फैलेगी।
मेयर ने कहा कि शुरुआत मंडी से लेकर काठगोदाम तक होगी। इसके बाद कालाढूंगी रोड में स्ट्रीट लाइटें डिवाइडर में लगेंगी। उन्होंने कहा कि प्रमुख चौराहों का चौड़ीकरण हो चुका है। जिससे यातायात संचालन में काफी राहत हुई है। बैठक में कहा कि शहर को सीसी कैमरों से लैस किया जाएगा। टूटे डिवाइडर बनाए जाएंगे। डिवाइडरों पर लगने वाली रैलिंग को प्रचार प्रसार के लिए पीपीपी मोड पर दिया जाएगा। बैठक में एसपी सिटी, सीओ, लोनिवि और बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता और कार्यालय अधीक्षक बिजेंद्र चौहान मौजूद थे।
नामांतरण के 18 मामले निस्तारित
नगर निगम में भवन नामांतरण के 18 मामलों का निस्तारण हुआ। मेयर डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला की अध्यक्षता में नामांतरण कमेटी की बैठक हुई। जिसमें दस्तावेजों की जांच और पक्षों की सुनवाई के बाद नामांतरण किए गए। नौ नामांतरण किरायेदारी हस्तांतरण और नौ विरासत हुए।