डीएसबी कॉलेज नैनीताल और एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में आपसी गुटबाजी से छात्रसंघ अध्यक्ष का चुनाव हारने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने डैमेज कंट्रोल की शुरुआत कर दी है।
नैनीताल में चुनावी संग्राम के बाद एबीवीपी से निष्कासित दो छात्र नेताओं की मंगलवार को संगठन में वापसी हो गई। एबीवीपी कार्यालय हल्द्वानी में दोनों ही नेताओं की फूलमालाओं से स्वागत हुआ।
नैनीताल और हल्द्वानी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष की दावेदारी के लिए एबीवीपी में गुटबाजी उभरकर सामने आई। खामियाजा दोनों ही कॉलेज में एबीवीपी को अध्यक्ष की सीट गंवाकर चुकानी पड़ी।
नैनीताल डीएसबी में एबीवीपी से मोहित रौतेला और मदन मोहन अधिकारी ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी की थी। संगठन ने मोहित रौतेला को अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ाया। मदन मोहन अधिकारी ने उपाध्यक्ष का चुनाव लड़कर जीत दर्ज कर ली।
मोहित रौतेला और समर्थकों ने अध्यक्ष पद पर एबीवीपी की हार का ठीकरा मदन मोहन अधिकारी और निवर्तमान अध्यक्ष पंकज भट्ट के सिर फोड़ दिया। मदन मोहन अधिकारी पर आरोप लगाया कि अध्यक्ष के लिए टिकट न मिलने पर भितरघात कराया।
पंकज भट्ट ने मदन मोहन का साथ दिया। इस आरोप पर मदन मोहन अधिकारी और पंकज भट्ट को एबीवीपी ने निष्कासित कर दिया। नैनीताल और हल्द्वानी में अध्यक्ष पद पर चुनाव हारने के बाद प्रत्याशी चयन को लेकर किरकिरी झेल रही एबीवीपी ने डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है।
मदन मोहन तिवारी और पंकज भट्ट की मंगलवार को एबीवीपी में वापसी हो गई।
भाजयुमो नेताओं की वापसी का रास्ता साफ
हल्द्वानी एमबीपीजी में भी अध्यक्ष पद के टिकट के लिए एबीवीपी में गुटबाजी मारपीट तक पहुंच गई। एबीवीपी से टिकट न मिलने से बागी होकर नीरज मेहरा ने चुनाव जीता।
चुनाव से एक दिन पहले नीरज और विजय के समर्थकों के बीच मारपीट के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजयुमो नेता एवं पूर्व छात्रसंघ नेता प्रमोद बोरा और जगदीश बिष्ट समेत तीन लोगों का पार्टी से निलंबन कर दिया था।
नैनीताल एबीवीपी से निष्कासित दोनों नेताओं के संगठन में वापसी के बाद हल्द्वानी से भाजयुमो नेताओं की वापसी का रास्ता भी साफ हो गया। प्रमोद बोरा और जगदीश बिष्ट पर बागी नीरज को जिताने का आरोप है। 2017 में विधानसभा चुनाव हैं। पार्टी इनकी नाराजगी झेलकर नुकसान उठाने का रिस्क नहीं ले सकती है।
जोशी अभी भी अस्पताल में भर्ती
नीरज और विजय के समर्थकों के बीच हुई मारपीट में घायल भाजयुमो जिलाध्यक्ष मदन मोहन जोशी छह दिन बाद भी अस्पताल में भर्ती हैं। मदन मोहन जोशी के सिर में गंभीर चोट लगी है। जोशी को सुशीला तिवारी अस्पताल में रेफर किया गया है।