अग्निशमन विभाग ने विद्युत सब स्टेशनों का मौका मुआयना कर चार स्थानों पर गड़बड़ियां पकड़ी हैं। एफएसओ ने इस मामले में चार स्टेशनों के अभियंताओं को शीघ्र ही अग्निशमन के लिए सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की सलाह दी है। इस मामले में अग्निशमन विभाग फिर स्टेशनों का मौका मुआयना करेगा।
अमर उजाला की टीम ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के विद्युत सब स्टेशनों में आग से बचाव के लिए व्यवस्था नहीं होने का खुलासा किया था। इस मामले को सीएफओ संजीवा कुमार ने गंभीरता से लेते हुए एफएसओ इंद्रजीत आर्या से रिपोर्ट मांगी थी। एफएसओ ने विद्युत सब स्टेशनों का मुआयना किया। मुआयने के दौरान कई सब स्टेशनों पर आग से बचाव के लिए व्यवस्था नहीं की गई थी। बाल्टियां स्टेशन के बाहर खाली पड़ी थी। बताया गया था कि सब स्टेशनों पर शार्ट सर्किट से आग लगने की संभावना बनी रहती है।
इस मामले में एफएसओ ने जांच की तो पाया कि सुभाष नगर, कालाढूंगी चौराहा, कमलुआगांजा 220 केबी और मंदिर के समीप स्टेशन पर अग्निशमन के लिए पर्याप्त उपाय नहीं किए गए हैं। इस मामले में एफएसओ ने चारों स्टेशनों के प्रभारियों को नोटिस जारी किया है। सलाह दी है कि एक सप्ताह के अंदर अग्निशमन की व्यवस्था दुरुस्त करें।