भीमताल (नैनीताल)। जिले के 11 निजी विद्यालयों की ओर से पाठ्यक्रम बदलने, शुल्क में वृद्धि और अन्य व्यवस्थाओं में अनियमितता बरतने पर डीएम ललित मोहन रयाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल को सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। डीएम के आदेश पर सीईओ ने शिकायतों, जनसुनवाई और विभिन्न स्तरों पर शिकायतों के आधार पर 11 निजी विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सीईओ ने श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल रामनगर, ग्रीनवुड ग्लोबल स्कूल हल्द्वानी, ओकवार्ड पब्लिक स्कूल रामनगर, ग्रीन फील्ड एकेडमी रामनगर, मदर ग्लोरी पब्लिक स्कूल रामनगर, शाइनिंग स्टार स्कूल रामनगर, डीविटो स्कूल भवाली, महर्षि विद्या मंदिर भवाली, निर्मला कॉवेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी, क्वींस सीनियर सेकेंडरी स्कूल हल्द्वानी और द सनबीम पब्लिक स्कूल हल्द्वानी को नोटिस जारी किया है। सीईओ ने कहा इन विद्यालयों की ओर से एनसीईआरटी पुस्तकों के अतिरिक्त अत्यधिक महंगी निजी प्रकाशनों की पुस्तकें लागू करने, अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डालने, विद्यालयों की ओर से विशिष्ट विक्रेताओं से पुस्तकें और अन्य सामग्री खरीदने के लिए दबाव डालने, विद्यालयों की वेबसाइट पर अनिवार्य सूचनाओं का प्रकटीकरण न किए जाने की शिकायतें भी प्राप्त हुई हैं। सीईओ ने संबंधित विद्यालयों को 15 दिन के अंदर बुक लिस्ट में संशोधन कर एनसीईआरटी पुस्तकों को प्राथमिकता देने, अनावश्यक महंगी पुस्तकों को हटाने, वेबसाइट पर बुक लिस्ट एवं फीस संरचना का अनिवार्य अपडेट करने, अभिभावकों से वसूल की गई अतिरिक्त धनराशि के समायोजन कर वापसी करने के निर्देश दिए हैं।
सीईओ ने बताया कि जांच के लिए विकासखंड स्तर पर संयुक्त जांच समिति गठित की गई है जो निर्धारित समयावधि में जांच कर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत देगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्धारित समयावधि में निर्देशों का अनुपालन न किए जाने की स्थिति में संबंधित विद्यालयों के विरुद्ध मान्यता निरस्तीकरण, निलंबन करने, सीबीएसई को संबद्धता संबंधी कार्रवाई के लिए संस्तुति और जुर्माने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद