हल्द्वानी। काठगोदाम-नैनीताल रूट पर यातायात के बढ़ते दबाव और सीजन के दौरान रोड पर लगने वाले जाम को देखते हुए लोनिवि ने इसे रूसी बैंड तक टू लेन करने की योजना तैयार की है। पहले सड़क ज्योलीकोट तक चौड़ी होनी थी लेकिन अब प्रस्ताव में संशोधन कर शासन को भेजा गया है। विभाग को शासन से स्वीकृति मिलने का इंतजार है।
काठगोदाम-नैनीताल रोड अभी डेढ़ लेन की है। इसी से हर साल बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल की ओर आवाजाही करते हैं। पर्यटक सीजन के दौरान इस रोड पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में सैलानियों के साथ ही स्थानीय लोगों को भी नैनीताल से हल्द्वानी पहुंचने में चार से पांच घंटे लग जाते हैं।
समस्या को देखते हुए पिछले दिनों लोनिवि ने काठगोदाम से नैनीताल तक टू लेन की योजना बनाई थी लेकिन भू वैज्ञानिकों की ओर से नैनीताल से सटी पहाड़ियों को संवेदनशील बताने के बाद इसे ज्योलीकोट तक टू लेन बनाने की योजना बनी। अब विभाग ने इसमें थोड़ा संशोधन करते हुए रूसी बाईपास तक टू लेन करने का प्रस्ताव तैयार की है।
39 हेक्टेयर वन भूमि आ रही जद में
लोनिवि अधिकारियों के मुताबिक सड़क चौड़ीकरण में लगभग 39 हेक्टेयर वन भूमि आ रही है। विभागीय स्तर पर वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई चल रही है। वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई होने के बाद भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई होगी और उसके बाद पहाड़ी कटान कर इस रोड को टू लेन बनाया जाएगा। सड़क के टू लेन होने के बाद इस रोड में यातायात व्यवस्था में सुधार होने और जाम से निजात मिलने की उम्मीद है।
पहाड़ी कटान से पहले हटाए जाएंगे अतिक्रमण
काठगोदाम से रूसी बैंड तक सड़क को टू लेन बनाने के लिए पहाड़ी का कटान होगा। पहाड़ी कटान से पहले इस रोड में जगह जगह हुए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया जाएगा। विभागीय स्तर पर ऐसे सभी अतिक्रमण चिह्नित कर लिए गए हैं। इनमें कहीं टिन शेड लगाए गए हैं तो कहीं चाय की दुकानें शामिल हैं।
काठगोदाम से अब रूसी बाईपास तक लगभग 26 किलोमीटर रोड को टू लेन करने की योजना है। इसके लिए विभागीय स्तर पर वन भूमि हस्तांतरण की कार्रवाई चल रही है। वन भूमि हस्तांतरण होने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
- आशुतोष, ईई लोनिवि हल्द्वानी
-