मुख्यमंत्री की बेटी की शादी के दौरान जाम से निपटने के लिए एसएसपी ने भोटिया पड़ाव से शीशमहल स्थित वाटिका तक के क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया है। इस मार्ग पर किसी भी प्राइवेट व्यक्ति को वाहन खड़ा करने की इजाजत नहीं होगी। एसएसपी सेंथिल अबुदई ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर ढंग से पेश आने की नसीहत दी है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था के चलते नैनीताल मार्ग एवं शादी स्थल को दो जोन और 13 सेक्टरों में बांटा गया है। एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान नैनीताल मार्ग की सुरक्षा जोन के प्रभारी बनाए गए हैं। शादी स्थल से लेकर सर्किट हाउस तक मुख्यमंत्री और वीवीआईपी की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपी सुरक्षा राजीव स्वरूप के साथ ही अमित श्रीवास्तव (एसपी रीजनल) के नेतृत्व में होगी।
वाटिका रेस्टोरेंट के 200 मीटर के दायरे में कोई प्राइवेट वाहन खड़ा नहीं करेगा। सिर्फ वीवीआईपी की गाड़ियां ही इस मार्ग पर खड़ी होगी। पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था चुस्त बनाए रखने के लिए चार एसपी, 19 सीओ, सात इंस्पेक्टर, 40 सब इंस्पेक्टर 250 कांस्टेबल, 100 महिला कांस्टेबल, 50 एलआईयू के जवान, फोर रिंग राउंड फोर्स के अलावा तीन कंपनी पीएसी लगा दी है। पार्किंग के लिए चार सेक्टर बनाए गए हैं। इन सेक्टरों में 20 हजार वाहनों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।
कालटैक्स से वन-वे व्यवस्था लागू
आनन-फानन में मुख्यमंत्री के आने पर एसएसपी ने कालटैक्स से वन-वे व्यवस्था लागू कर दी है, ताकि यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो सके। वन-वे के तहत नैनीताल जाने के लिए वाहनों पर रोक नहीं है, लेकिन नैनीताल से आने वाले वाहनों को हाइडिल गेट से मुखानी मार्ग की तरफ मोड़ा गया। इस व्यवस्था से लोगों को काफी राहत भी मिली।