नैनीताल। तीन दिन अवकाश होने के कारण पर्यटन कारोबारियों में उत्साह था कि नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में सैलानियों की भीड़ उमड़ेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सैलानियों की संख्या में शानिवार को कोई विशेष इजाफा नहीं हुआ जिसके चलते कारोबारी गतिविधियां सामान्य दिनों की तरह ही चलती रही।
माह का द्वितीय शनिवार को अवकाश रहा। रविवार के बाद सोमवार को मतदान का अवकाश है। शनिवार को पहुंचे सैलानियों ने नैनीझील में नौकायन करने के साथ ही बारापत्थर क्षेत्र में घुड़सवारी का आनंद उठाया और कई सैलानियों ने रोपवे से स्नोव्यू तक की सैर की।
चिड़ियाघर, हनुमानगढ़ी, केव गार्डन, हिमालय दर्शन आदि स्थानों पर भी सैलानियों की विशेष भीड़ नजर नहीं आई। नगर के निचले क्षेत्रों में कुछ होटलों में ठीक ठाक कारोबार हुआ जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में स्थित होटलों तक गिने चुने सैलानी ही पहुंचे। कारोबारियों का कहना है कि रविवार को सैलानियों की संख्या में इजाफा हो सकता है।