मूसलाधार बारिश से धारचूला की सड़कों पर आया मलबा। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला/थल (पिथौरागढ़)। मूसलाधार बारिश के दौरान तवाघाट-टनकपुर एनएच पर ग्वाल गांव और दोबाट के पास मलबा आ गया। इससे वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। जिलेभर में चले तेज अंधड़ के दौरान थल में सिल्वर ओक का पेड़ सड़क पर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई और बिजली के तार भी टूट गए। लालघाटी में चीड़ का पेड़ मकान पर गिरने से मकान की रेलिंग टूट गई और कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय मौके पर किसी के मौजूद न होने से बड़ा हादसा बच गया।
जिले में सोमवार सुबह मौसम सामान्य था लेकिन दोपहर बाद बादल घिरने पर जिले भर में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। कई जगह ओले भी गिरे। धारचूला में ग्वाल गांव और दोबाट कूड़ेदान के पास भारी मात्रा में मलबा आ गया। कुछ स्थानों पर पेड़ और बोल्डर भी सड़क पर आ गए। नगर की नालियां चोक होने से बारिश का पानी सड़कों पर बहने लगा। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने एसडीएम नंदन कुमार को परेशानी बताकर बंद नालियों को खोलने के लिए नगर पालिका और लोनिवि को निर्देशित करने की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि बरसात से पहले ही दुकानों में पानी घुसने की समस्या बढ़ हो गई है।
इधर थल में खराब मौसम के दौरान चले तेज अंधड़ से थल बाजार-डीडीहाट मार्ग पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी हुंडई कार यूके 06एजे 3571 क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ गिरने से बिजली सहित अन्य केबल भी टूट गईं। जिस समय पेड़ गिरा उस समय किसी के मौके पर न होने से बड़ा हादसा टल गया। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात ठप हो गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी के नेतृत्व में पुलिस जवानों ने वुडकटर से पेड़ को काटा। लगभग एक घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। उधर थल से पांच किमी दूर लालघाटी के पास भी तेज अंधड़ से चीड़ का एक बड़ा पेड़ त्रिलोक सिंह खड़ायत के मकान पर गिर गया, जिससे उसके मकान की रेलिंग, बरामदे का टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। घर के किनारे खड़ी ऑल्टो कार संख्या यूके 05सी 7334 भी पेड़ की चपेट में आ जाने से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इधर सोमवार को जिले के अन्य हिस्सों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हुई। इस दौरान जिला मुख्यालय में हल्की बूंदाबांदी हुई जबकि अस्कोट, कनालीछीना, डीडीहाट सहित आसपास के हिस्सों में बारिश हुई। बारिश से तपती गर्मी से काफी राहत मिली है।