हल्द्वानी। रोडवेज परिसर में शनिवार रात नेपाली नागरिक को नशीला पदार्थ सुंघाकर 12,700 रुपये, मोबाइल और जूते उड़ा लिए गए। पुलिस ने मामले से अनभिज्ञता जताई है।
नेपाल के कालीकोट निवासी जगत सिंह थापा ने बताया कि वह अल्मोड़ा के लमगड़ा में मजदूर है। पांच दिसंबर को नेपाल में उसके बेटे की शादी है। मजदूरी के पैसे और अन्य सामान लेकर वह नेपाल जाने के लिए निकला। अल्मोड़ा से बस में सवार होकर हल्द्वानी आया। यहां टनकपुर की बस नहीं मिली। इस पर वह रोडवेज परिवर में ही आराम करने लगा। इसी दौरान किसी ने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया। इस दौरान जेब से 12,700 रुपये, मोबाइल और जूते चुरा लिए। जब होश आया तो उसे घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों व समाजसेवी ने उसकी मदद की। मदद के रुपयों से वह नेपाल जा पाया। कोतवाली के एसएसआई रोहिताश सागर ने बताया कि घटना की शिकायत नहीं आई है। संवाद