नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार ने कहा है कि उनके देश के प्रधानमंत्री खड़क प्रसाद शर्मा ओली की हालिया भारत यात्रा से भारत व नेपाल के संबंध कहीं अधिक मजबूत हुए हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाली पीएम की यह भारत यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी और इससे दोनों देशों के बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा।
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री माधव कुमार गुरुवार की देर सायं नैनीताल पहुंचे। पत्रकारों से उन्होंने इस बात पर चिंता व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच मित्र संबंध होने के बावजूद कुछ लोग समय-समय पर दोनों देशों के आपसी संबंधों पर अड़चनें पैदा करने का प्रयास करते हैं।
नेपाल का संविधान समानता व सकारात्मकता का संविधान है। इसमें मधेशी, थारू, मुस्लिम, महिलाओं और गरीबों को विशेष अधिकार व सुविधाएं प्रदान हैं। नेपाल के पूर्व पीएम माधव कुमार ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि वह 32 साल पहले वर्ष 1984 में नैनीताल आये थे।
उन्होंने कहा कि नैनीताल का सौंदर्य बेहद रमणीक है। पूर्व प्रधानमंत्री के साथ नेपाल के पूर्व वित्त मंत्री सुरेंद्र पांडे आदि भी नैनीताल यहां पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि यह उनकी निजी यात्रा है और शुक्रवार को वह यहां से धारचूला को रवाना होंगे। इस मौके पर संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष चौहान, सीओ सिटी महेशानंद गैरोला, होटल स्वामी दिग्विजय सिंह बिष्ट आदि मौजूद थे।