हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट नगर तिराहे से रुद्रपुर मटकोटा मोड़ तक ब्रिडकुल सड़क चौड़ीकरण कर रहा है। इसके लिए फुटपाथ को खोदा गया। फुटपाथ के किनारे सुरक्षा के लिए संकेतक भी नहीं लगाए हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
रामपुर रोड शहर के व्यस्तम मार्गों में से एक है। यहां वाहन भी तेज स्पीड में चलते हैं। ट्रेफिक अधिक होने के कारण रामपुर रोड की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जानी है। इसके लिए सड़क के दोनों ओर फुटपाथ को डेढ़-डेढ़ मीटर चौड़ा किया जाना है। सड़क चौड़ीकरण के लिए 58 करोड़ का बजट भी मिल चुका है।
चौड़ीकरण का काम ब्रिडकुल को दिया गया है। ब्रिडकुल ने सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। सोमवार को ब्रिडकुल ने गन्ना सेंटर से सड़क के फुटपाथ को खोदा। हद तो यह कि ब्रिडकुल ने सड़क खोदने के बाद सुरक्षा के लिए यहां कोई संकेतक नहीं लगाए हैं। नियमानुसार सड़क के किनारे रेत के कट्टे, रिफ्लेक्टर और दोनो साइड बोर्ड लगा होना चाहिए। रात में यहां पर कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण में सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। मौके का निरीक्षण कर व्यवस्था बनवाई जाएगी।