हल्द्वानी। नंधौर खनन समिति ने वन विकास निगम से नदी में खनन के लिए की जानी वाली बाकी तैयारियों को पूरा करने की मांग की है ताकि पर्यावरणीय अनापत्ति मिलते ही नदी में बिना किसी अड़चन के खनन शुरू हो सके।समिति ने डीएलएम नंधौर प्रेम सिंह बोहरा को ज्ञापन सौंप कर कहा कि पिछले खनन सत्र में नदी बंद होने से नंधौर में लगे डंपर स्वामियों और मजदूरों का पहले से ही बुरा हाल है।
बेशक वन्यजीव कल्याण परिषद से अनुमति मिल गई है लेकिन पर्यावरणीय अनापत्ति अभी भी बाकी है। समिति ने मांग की है कि अधिकारिक जानकारी के मुताबिक इस महीने के अंत में अनापत्ति मिल जाएगी लेकिन तब तक वन निगम खनन संबंधी तैयारियां पूरी कर ले।
जिससे खनन शुरू होने पर समय नष्ट न हो और तंगी से जूझ रहे खनन व्यवसाय से जुड़े श्रमिक, डंपर स्वामी, व्यवसायी को आर्थिक लाभ हो सके। ज्ञापन देने वालों में भुवन चंद्र पोखरिया, पंकज भट्ट, मनोज गढ़कोटी, दिनेश चौसाली, कमल दुर्गापाल, नवीन बुधानी आदि शामिल थे।
ये की मांगें
= इंटरनेट टावर की निविदा प्रक्रिया पूरी कर ई रवन्ना जारी करने का इंतजाम हो
= आरएफआईडी चिप लगाने का इंतजाम
= धर्मकांटों के रखरखाव व संचालन का जिम्मा तय हो
= बेलगाम डंपरों पर लगाम ताकि खनन गेटों पर जाम से छुटकारा
= सुबह व दोपहर को स्कूल के समय पर मुख्य मार्ग पर डंपरों की आवाजाही बंद
= बिना लाइसेंस के चालकों को अनुमति देने पर रोक
= वाहनों के चलने पर उड़ने वाली धूल के पानी के छिड़काव का इंतजाम किया जाए