कैलास मानसरोवर यात्रियों का छठा दल शनिवार को अल्मोड़ा रवाना हो गया। यात्री दल में 15 महिलाएं और 24 पुरुष हैं। कुमाऊं मंडल विकास निगम विकास निगम के काठगोदाम स्थित आवास गृह में यात्रियों का कुमाऊंनी परंपरा और फूलमालाओं के साथ स्वागत किया गया।
काठगोदाम टीआरसी में केएमवीएन के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया, वरिष्ठ प्रबंधक महेश भट्ट और टीआरसी के प्रबंधक आरसी पांडे आदि ने यात्रियों का स्वागत किया। कैलास यात्रा को लेकर यात्रियों में गजब का उत्साह बना हुआ है। उनका कहना था कि वह हर हाल में कैलास मानसरोवर की परिक्रमा करके ही वापस लौटेंगे। भोले ने बुलाया है तो वही दर्शन भी देंगे।
यात्री दल के जनसंपर्क अधिकारी चंद्र भान सिंह हैं। यात्रियों में बिहार, हरियाणा, उत्तर प्रदेश से तीन-तीन, दिल्ली से चार, महाराष्ट्र, गुजरात से नौ-नौ, उड़ीसा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल से दो-दो, आसाम और केरल से एक-एक यात्री शामिल हैं। टीआरसी में यात्रियों को दोपहर का भोजन कराया गया। जिसमें कुमाऊंनी व्यंजन भट की चुड़कानी, बड़ी की सब्जी और रायता शामिल था। अपराह्न तीन बजे यात्री दल अल्मोड़ा को रवाना हो गया जो देर शाम अल्मोड़ा पहुंच गया।