शनिवार की रात जामा मस्जिद में जश्ने कुरान का आयोजन किया गया। मस्जिद को झिलमिलाती लाइटों से सजाया गया। मौका था तरावीह में कुरान मुकम्मल होने का। इस दौरान उलेमा ने तकरीर की और अमन-चैन की दुआएं मांगी। उसके बाद मिठाई बांटी गई।
तरावीह रमजान की खास नमाज है। इसमें हाफिज हजरात कुरान सुनाते हैं और नमाजी खामोश रहकर सुनते हैं। हर रोज थोड़ा-थोड़ा कुरान पढ़ा जाता हैं। जामा मस्जिद में शनिवार की रात कुरान मुकम्मल हो गया। यहां पेश इमाम मौलाना मुराद अली ने कुरान सुनाया। तरावीह के बाद लोगों को खिताब करते हुए उन्होंने कुरान और रमजान की फजीलत बताई। कहा कि कुरान पढ़ें, समझें और उस पर अमल करें, तभी दुनिया और आखिरत की जिंदगी रोशन होगी।
मुफ्ती नईमुद्दीन, मौलाना मोहम्मद अकरम, मौलाना शाहिद रजा आदि समेत शहर के अन्य उलेमा ने भी खिताब किया। इस दौरान नातख्वां हजरात ने नातिया कलाम पेश किए। उसके बाद मिठाई बांटी गई। इस मौके पर हसीन खां वारसी, मसरूर खां, उवैस खान, मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद इदरीस आदि मौजूद थे।
मस्जिद बंजारान में भी पूरा हुआ कुरान
हल्द्वानी। शहर की लगभग सभी मस्जिदों में तरावीह में कुरान पूरा हो चुका है। शनिवार की रात रमजान की 27वीं शब में मस्जिद बंजारान में भी कुरान मुकम्मल हो गया। यहां पेश इमाम मौलाना अब्दुल बासित ने कुरान सुनाया। उन्होंने कहा कि कुरान पूरा होने का मतलब यह नहीं कि तरावीह पढ़ना छोड़ दें। ईद का चांद दिखाई देने तक तरावीह का पढ़ना सुन्नत है। यहां मौलाना मुस्तफा, कारी लईक और हाफिज जुल्फिकार ने कुरान सुना।
:::::::::::::::::::::::::::
इफ्तार में मांगी अमन-चैन की दुआ
हल्द्वानी। चोरगलिया रोड स्थित मैरिज हॉल में आयोजित इफ्तार पार्टी में सांप्रदायिक सौहाद्र की मिसाल देखने को मिली। सभी वर्ग, समुदाय के लोगों ने इसमें शिरकत की ओर प्रदेश की खुशहाली व अमन-चैन की दुआएं कीं। मुख्य अतिथि वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश ने रोजेदारों को रमजान और ईद की मुबारकबाद दी। कहा माहे-रमजान इबादत के साथ ही आपसी भाईचारे का पैगाम देता है। उन्होंने कौमी एकता बनाए रखने की अपील की। इफ्तार पार्टी का आयोजन दर्जा मंत्री हाजी सुहेल सिद्दीकी की जानिब से किया गया था। इस दौरान डीएम दीपक रावत, सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह, एसडीएम पंकज उपाध्याय, कांग्रेस नगर अध्यक्ष हरीश मेहता, पूर्व दर्जा मंत्री इकबाल भारती, खजान पांडे, राहुल छिम्वाल, हाजी मोहम्मद यूसुफ, अनवार हुसैन, पार्षद लईक कुरैशी, शाहजहां बेगम, तस्लीम सैफी, चंद्रमोहन ठाकुर, रिजवान हुसैन आदि थे।