नैनीताल। थर्टी फर्स्ट पर सरोवर नगरी पर्यटकों से गुलजार रही। हालांकि, इस बार न तो माल रोड पर लाइटिंग थी और न संगीत का ही कोई कार्यक्रम, बावजूद इसके देर रात तक सैलानी माल रोड पर चहलकदमी करते रहे। नए साल के स्वागत का जश्न नगर के प्रमुख होटलों में देखने को मिला, जहां देर रात तक सैलानी डीजे की धुन पर थिरकते रहे। ठीक बारह बजे सैलानियों ने हैप्पी न्यू ईयर के उद्घोष के साथ एक-दूसरे को नए साल की बधाई दी।
पिछले दिनों देश के विभिन्न प्रांतों में सीएए और एनआरसी के विरोध में हुए प्रदर्शनों के बाद थर्टी फर्स्ट के लिए होटलों में एडवांस बुकिंग करा चुके 50 फीसदी से अधिक सैलानियों ने बुकिंग कैंसल करा दी थी, लेकिन इसके बाद भी मंगलवार को सरोवर नगरी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे और उन्होंने जोरदार तरीके से नए साल का स्वागत किया। मल्लीताल पंत पार्क दोपहर बाद सैलानियों से पैक नजर आया, वहीं देर रात तक सैलानी और स्थानीय लोग माल रोड पर चहल कदमी करते रहे।
थर्टी फर्स्ट के मुख्य कार्यक्रम इस बार नगर के प्रमुख होटलों मनुमहारानी, अल्सकोर्ट, नैनी रिट्रीट, शेरवानी, विक्रम विटेंज, पर्यटक आवास गृह, बोट हाउस क्लब, रायल होटल एवं फेयर हैवंस तक ही सीमित रहे। जहां देर रात तक सैलानियों ने खूब मस्ती करते हुए संगीत के कार्यक्रमों में धमाल किया। होटल प्रबंधकों की ओर से सैलानियों के लिए विशेष पैकेज तैयार किए गए थे। होटल मनुमहारानी में प्रख्यात गायिका अलीशा अरोरा के गीतों पर सैलानी जमकर थिरके। इस मौके पर होटल प्रबंधन की ओर से बेस्ट कपल, बेस्ट डांसर समेत कई पुरस्कार भी दिए गए। माल रोड समेत नगर के अधिकतर होटल सैलानियों से पैक रहे, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों के होटलों तक सैलानी नहीं पहुंच सके। वहीं सैलानियों की आमद में अचानक वृद्धि होने से डीएसए, मैट्रोपोल समेत सभी छोटे-छोटे पार्किंग स्थल वाहनों से पैक नजर आए।
थर्टी फर्स्ट पर नहीं लगा कहीं भी जाम
कई साल के बाद यह पहला अवसर था, जबकि थर्टी फर्स्ट पर सरोवर नगरी में कहीं भी जाम नहीं लगा और सैलानी आराम से एक जगह से दूसरी जगह को आते-जाते रहे। यही नहीं माल रोड पर भी सैलानियों ने बेफिक्र होकर चहलकदमी की। हालांकि, पिछले वर्षों के दौरान थर्टी फर्स्ट पर दोपहर बाद से ही भवाली रोड, हल्द्वानी रोड और कालाढूंगी रोड में जाम की स्थिति बन जाती थी और सैलानियों को नैनीताल पहुंचने तक कई घंटे लग जाते थे। यही स्थिति माल रोड की भी होती थी। भीड़ बढ़ने पर प्रशासन दोपहर में ही माल रोड में वाहनों की आवाजाही बंद करा देता था। दरअसल, डीएम सविन बंसल की पहल पर जिला और पुलिस प्रशासन ने इस बार थर्टी फर्स्ट से पहले ही पाइंस, रूसी बाईपास और नारायण नगर में अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करते हुए वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी थी।
नैनीताल में पार्किंग स्थल पैक होने की स्थिति में छोटे बड़े किसी भी तरह के वाहन को नैनीताल में प्रवेश के निर्देश नहीं थे। दोपहर बाद जब नैनीताल के पार्किंग स्थल पैक हुए तब तल्लीताल के थानाध्यक्ष विजय मेहता ने भवाली से नैनीताल आने वाले छोटे-बड़े वाहनों को मस्जिद तिराहे से रूसी बाईपास की ओर डायवर्ट कर दिया। मेहता ने बताया कि पाइंस स्थित अस्थायी पार्किंग में 60-70 छोटे बड़े वाहनों और रूसी बाईपास स्थित पार्किंग में तीन सौ से अधिक वाहनों को पार्किंग उपलब्ध कराई गई है।
साल के आखिरी दिन चिड़ियाघर में पहुंचे सबसे अधिक सैलानी
साल के आखिरी दिन सरोवर नगरी स्थित चिड़ियाघर में सबसे अधिक 1051 सैलानी पहुंचे। इनमें 936 वयस्क और 115 बच्चे थे। कालाढूंगी रोड स्थित वाटर फाल में 425, केव गार्डन में 400 और रोपवे में 625 पर्यटक पहुंचे। हनुमानगढ़ी, मां नयना देवी मंदिर, मां पाषाण देवी मंदिर, स्नोव्यू स्थित देव मंदिर, बारापत्थर, हिमालयन बाटनिकल गार्डन, सरिताताल, स्नोव्यू, हिमालय दर्शन, टिफिन टाप, पंगूट, किलबरी समेत कई अन्य दर्शनीय स्थलों में भी दिन भर सैलानियों की भीड़ रही।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
थर्टी फर्स्ट पर पुलिस प्रशासन की ओर से नगर और इसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पाइंस, रूसी बाईपास और नारायण नगर स्थित अस्थायी पार्किंग स्थलों पर खोली गई पुलिस चौकियों में पर्याप्त पुलिस फोर्स मौजूद थी। इसके अलावा तल्लीताल और मल्लीताल के अलावा माल रोड पर भी पुलिस दिन भर गश्त करती रही। असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए पुलिस और खुफिया विभाग देर रात तक अलर्ट मोड पर रहा।