हल्द्वानी। राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर में मौजूद व्यक्ति तक पहुंचाएं। उन्होंने बैठक में नैनीताल नगर पालिका के ईओ के न पहुंचने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटने व जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को नगर निगम सभागार में आयोजित सफाई कर्मचारियों की बैठक में मकवाना ने एमएस एक्ट 2013 के बारे में जानकारी दी। इस एक्ट के तहत सफाई कर्मचारियों की मृत्यु पर सरकार 30 लाख तथा अपंग होने पर 20 लाख रुपये तक की धनराशि देती है। उन्होंने नगर निगम, जल संस्थान और सभी नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह सभी सफाई कर्मचारियों का बीमा कराएं। सीवर टैंक और नालियों की सफाई के दौरान कर्मचारियों को पीपीई किट उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि जानकारी के अभाव में सफाई कर्मचारियों को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। बैठक में नगर आयुक्त ऋचा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह रावत, डीडीओ गोपाल गिरी गोस्वामी, डॉ. जेएस तितियाल, सुशीला तिवारी अस्पताल के पीआरओ आलोक उप्रेती समेत कई लोग मौजूद थे। फोटो