हल्द्वानी। बेखौफ बदमाशों ने रविवार रात तीन पानी रोड पर नैनीताल मोटर्स के मालिक की कार लूट ली। बदमाश चालक को अगवा कर शांतिपुरी में उतार गए। शहर के बड़े व्यवसायी की कार लूटने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस को अलर्ट किया गया। हालांकि पुलिस ने बरेली में कार बरामद करने और एक संदिग्ध से पूछताछ का दावा किया है।
नैनीताल मोटर्स प्रबंधन से जुड़े भूपेश के पिता किसी काम से दिल्ली गए थे। रविवार की रात कार चालक दीपक ने उन्हें कुसुमखेड़ा स्थित घर छोड़ दिया। इसके बाद वह कार एस क्रास अल्फा कार (यूके 04 जेड0298) लेकर अपने घर शांतिपुरी लौट रहा था। तीन पानी रोड पर रात करीब एक बजे बाइक सवार दो लोगों ने उसे रोक लिया। कहा कि कार से कीचड़ उनके कपड़ों पर पड़ गया। देखते ही देखते एक ने असलहा दिखाकर उसका मोबाइल छीन लिया और कार खुद चलाने लगा।
दूसरा युवक बाइक से चलता रहा। कार चला रहे युवक ने चालक को चुप रहने की धमकी दी और शांतिपुरी में उतार दिया। घबराए चालक दीपक ने वन चौकी पहुंचकर एक कर्मचारी के मोबाइल से कॉल कर मालिक को घटना की जानकारी दी। कार मालिक कुसुमखेड़ा निवासी समीर नंदवानी ने कोतवाली थाने में तुरंत सूचना दी। इसी आधार पर पुलिस ने धारा 392 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल विक्रम सिंह राठौर ने मंडी चौकी प्रभारी मुनव्वर हुसैन के नेतृत्व में पुलिस टीम को पीछा करने के लिए भेज दिया।
कार में जीपीएस सिस्टम लगा है, इसी कारण मालिक को पता लग गया कि लुटेरे कार को किस दिशा में लेकर जा रहे हैं।
पता चला कि लुटेरे कार को लेकर किच्छा पुलभट्टा, पीलीभीत होते हुए बरेली गए। कार बरेली में खड़ी की गई थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि पुलिस टीम ने कार को कैंट क्षेत्र से बरामद कर लिया है।