नैनीताल। सोमवार को वाल्मीकि जयंती के अवकाश के चलते इस सप्ताहांत तीन दिनों का लंबा वीकेंड मिलने जा रहा है। इसके चलते शनिवार से ही नैनीताल में पर्यटकों की भारी आमद होने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की संभावना से स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिले हुए हैं।
इस शानदार वीकेंड को भुनाने के लिए नगर के होटल, रेस्टोरेंट और पर्यटन स्थलों को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। कैंची धाम, माॅलरोड और नैनीझील जैसे प्रमुख आकर्षणों पर सैलानियों की चहल-पहल से रौनक बढ़ने के पूरे आसार हैं। पुलिस प्रशासन ने भी यातायात सुचारू रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि होटलों के 30 प्रतिशत कमरे बुक हो चुके हैं। लॉन्ग वीकेंड कारोबारियों के लिए संजीवनी साबित हो सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अनुरोध किया है कि सप्ताहांत पर आने वाले पर्यटकों और उनके वाहनों को जबरन शहर से बाहर (कालाढूंगी या काठगोदाम) न रोका जाए। पुलिस को केवल पार्किंग फुल होने की स्थिति में ही गाड़ियों को रोकना चाहिए ताकि सैलानी आसानी से नगर में प्रवेश कर सकें और स्थानीय पर्यटन उद्योग को नुकसान न उठाना पड़े।