लाल बहादुर शास्त्रीय राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (एलबीएसएनएए) मसूरी में एक महिला के फर्जी एसडीएम बनकर जासूसी करने का मामला बुधवार को यहां प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थान (एटीआई) में भी दिनभर चर्चा का विषय रहा। फर्जी पहचान पत्र के नैनीताल एटीआई से बने होने के कारण यहां चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
बताया जाता है कि सितंबर 2014 में कुतबी गांव मुजफ्फरनगर निवासी रूबी चौधरी पुत्री सत्यवीर सिंह अकादमी में दाखिल हुई थी। गार्ड रूम में रहने वाली यह महिला कैंपस के हर स्थान पर बेरोकटोक आती-जाती थी। सुरक्षा अधिकारी की तहरीर और पुलिस की ओर से धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने के बाद बीते दिवस यह मामला सार्वजनिक हुआ। आरोपी महिला की ओर से दिखाए गए पहचान पत्र के नैनीताल एटीआई से बने होेने के कारण बुधवार को यहां एटीआई में इस प्रकरण की खूब चर्चा रही।
विभागीय अधिकारियों का कहना था कि यहां समय-समय पर अधिकारियों के आधारभूत और व्यावसायिक प्रशिक्षण किए जाते हैं। प्रशिक्षणार्थियों को उस दौरान के प्रमाणपत्र जरूर दिए जाते हैं, लेकिन कोई परिचय जारी नहीं किया जाता। इधर, संयुक्त निदेशक प्रशासन, एटीआई राजीव शाह का कहना है कि शासन या विभागीय स्तर पर इस मामले में कोई जानकारी नहीं दी गई है। यदि कोई पत्रावली आई तो उसके अनुरूप जांच और अन्य कार्रवाई की जाएगी।