एयर फोर्स, वन विभाग, प्रशासन समेत दूसरे विभागों के प्रयास से फिलहाल दवानल पर काबू पाने की स्थित आ गई है। जिले में केवल चार जगहों पर वनाग्नि मंगलवार को रिपोर्ट हुई है। यह जानकारी डीएम दीपक रावत ने एक प्रेस वार्ता में दी।
डीएम रावत ने बताया कि 29 अप्रैल 477 तक घटना रिपोर्ट हुई थी, पर मंगलवार को केवल हरतोला समेत तीन जगह ही आग लगी होने का पता चला है। यह स्थिति बेहतर समन्वय से आई है। पर अभी खतरा टला नहीं है। 10 दिन बाद पिरूल फिर गिरेगा, अगर बरसात नहीं होती है तो स्थिति फिर से चिंताजनक हो सकती है।
डीएफओ डा. पराग मधुकर धकाते का कहना है कि एयर फोर्स के इस्तेमाल से आग बुझाने में मदद मिली है। इसके अनुभव भविष्य में भी काम आयेंगे। एयर फोर्स के विंग कमांडर वीके सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल से अभियान शुरू हुआ था। इस दौरान नैनीताल और पौड़ी जिले के 13 जगहों पर आग बुझाने में सफलता मिली है। इसके अलावा बढ़ती आग को रोकने में उसके पानी के बौछार ने मदद की है। तीन हेलिकाप्टर दोनों जिलों में काम कर रहे हैं। एयर फोर्स के चार हेलिकाप्टर और तैयार हैं, जो आवश्यकता पड़ने पर मदद के लिए नैनीताल पहुंच जाएंगे।