हल्द्वानी। भूलेख पोर्टल पर दाखिल खारिज संबंधी डाटा प्रदर्शित नहीं हो रहा है। इसके समाधान के लिए तहसील प्रशासन ने शासन को पत्र भेजा है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा।
तहसीलदार कुलदीप पांडे ने बताया कि दाखिल खारिज के आदेश के बाद उक्त एंट्री आर-6 पंजिका में दर्ज की जाती है। इसके बाद भू-लेख पोर्टल में डाटा दर्ज कर यह खतौनी में ऑनलाइन प्रदर्शित होती है। नए पोर्टल के लॉन्च होने के बाद अभी तक ऑनलाइन डाटा प्रदर्शित नहीं हो पा रहा है। इस संबंध में तकनीकी विशेषज्ञों से वार्ता हुई है। डाटा ऑनलाइन मैच करने बाद यह ऑनलाइन प्रदर्शित हो जाएगा। तहसीलदार ने संबंधित पक्षकारों से कहा है कि वह आर-6 पंजिका में अंकित आदेश की सत्यापित प्रति तहसील हल्द्वानी के रजिस्ट्रार कानूनगो अनुभाग से प्राप्त कर सकते हैं।