हल्द्वानी। निकाय चुनाव से ठीक पहले नगर निगम को सफाई की याद आ ही गई। आजकल विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। खाली प्लाट और सड़क से गंदगी हटाई जा रही है। इसके साथ ही प्रतिदिन वार्डों में जाने वाले वाहनों की मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
नगर निगम की सड़कों पर सफाई का हाल बहुत खराब है। इसे ध्यान में रखकर 40 सफाई कर्मियों की एक टीम लगाई गई है। साथ ही वार्ड के सफाई कर्मियों को भी लगाया गया है। सफाई निरीक्षक से लेकर नगर स्वास्थ्य अधिकारी भी फील्ड में घूम रहे हैं। उधर, बृहस्पतिवार को हुई हल्की बारिश से खुदी और खराब सड़कों पर पानी भर गया। इससे सड़कों का एक ओर डामर उखड़ गया, दूसरी ओर पानी भरने से सड़क पर कीचड़ हो गया। गैस गोदाम से आरटीओ और पीलीकोठी की ओर जाने वाली सड़कें कीचड़ से बजबजा उठीं। इस कारण लोगों को सड़क पर चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माई सिटी रिपोर्टर