गांधी नगर में निरीक्षण के दौरान लोगों की समस्या सुनती नगर आयुक्त ऋचा सिंह व एसडीएम राहुल शाह।
हल्द्वानी। नगर आयुक्त ऋचा सिंह एवं उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने विभागीय अधिकारियों के साथ गांधीनगर वार्ड का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में नालियों की सफाई, जल निकासी की व्यवस्था तथा सार्वजनिक नालों पर किए गए अतिक्रमण का परीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सार्वजनिक नालियों पर अतिक्रमण करने वाले लोगों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। स्थानीय लोगों ने अधिकारियों से क्षेत्र में खाली पड़ी भूमि पर बच्चों के लिए पार्क बनवाने की मांग की। अधिकारियों ने सामुदायिक केंद्र को भी देखा। एसडीएम शाह ने बताया कि नए सामुदायिक केंद्र के लिए प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। नगर आयुक्त ने जल संस्थान के अधिकारियों को सीवर लाइन के कार्य के बाद सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने, मानसून सत्र में वार्ड में पौधारोपण कराने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण में ऊर्जा निगम के एसडीओ मनीष जोशी, सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट, सफाई निरीक्षक अमोल असवाल, जल संस्थान के अभियंता पुष्कर आर्य मौजूद रहे।