प्रश्न- मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद आपकी क्या प्राथमिकता है?
उत्तर- हमने पहले भी जनता से किया हर वादा पूरा किया है। बागेश्वर, चौखुटियां रेल लाइन को धरातल पर उतारना प्राथमिकता है, इससे प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। देश, प्रदेश के साथ ही अल्मोड़ा संसदीय क्षेत्र का विकास प्राथमिकता है।
प्रश्न- इस बार आप पर विकास को लेकर क्या दबाव रहेगा।
उत्तर- भाजपा सरकार ने हमेशा विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा और जीता है। पहले भी मैं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काम कर चुका हूं और देश-प्रदेेश की जटिलताओं और समस्याओं से वाकिफ हूं। मुझे नहीं लगता कि क्षेत्र के विकास के लिए किसी भी तरह की समस्याएं सामने आएगी।
प्रश्न- चुनाव में जो वादे किए क्या अब पूरे होंगे।
उत्तर- निश्चित तौर पर मैं और मेरी सरकार जनता से किए हर वादे को पूरा करने के लिए संकल्पबद्ध है। पहले भी मेरी सरकार ऐसा कर चुकी है। जनता से किया हर वादा पूरा होगा, इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।
प्रश्न- हैवीवेट मंत्रालय में राज्य मंत्री का दायित्व मिला है। इसे किस तरह देखते हैं।
उत्तर- हर काम काे चुनाैती की तरह लेता हूं। एक बात अच्छी है कि कैबिनेट मंत्री के रूप में बड़े भाई और वरिष्ठ साथी नितिन गडकरी होंगे, जिनसे काफी कुछ सीखने को भी मिलेगा।