नैनीताल। भवाली सेनिटोरियम से तिरछाखेत बाईपास पर बारिश के दौरान सफर बेहद जोखिम भरा है। इस दौरान लगातार गिर रहे मलबे से हादसे की आशंका बनी हुई है। वाहनों की आवाजाही के दौरान गिरते पत्थर हादसों का कारण बन सकते हैं।
पर्यटन सीजन के दौरान भवाली में यातायात नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने भवाली सेनिटोरियम से तिरछाखेत मार्ग पर डामरीकरण के बाद इसे खोल दिया था। पर्यटन सीजन व कैंचीधाम मेले के दौरान पुलिस ने भवाली को जाममुक्त रखने के लिए बाहर जाने वाले वाहनों को बाईपास के रास्ते संचालित किया। अब बरसात के दौरान पांच किमी सड़क पर पहाड़ी से लगातार मलबा गिर रहा है।
मलबे के साथ पेड़ और बड़े बोल्डर भी आ रहे हैं। इससे आवाजाही करने वालों के लिए खतरा बना हुआ है। लोनिवि भवाली डिविजन के ईई दीपक कुमार ने बताया कि नई सड़क होने से जगह-जगह मलबा गिर रहा है। इसे हटाने के लिए क्षेत्र में एक जेसीबी लगाई गई है।