रामनगर। परिवहन विभाग द्वारा अनुबंधित छोटे वाहनों (बोलेरो टैक्सी) का पर्वतीय क्षेत्रों में नियम विरुद्ध संचालन किए जाने का अन्य परिवहन संस्थाओं ने विरोध किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में परिवहन सेवाएं दे रही परिवहन संस्थाओं ने 20 दिसंबर से पर्वतीय मार्गों पर बसों का संचालन बंद करने की चेतावनी दी है।
इससे पूर्व शनिवार सुबह परिवहन विभाग द्वारा अनुबंधित बोलेरो वाहन चालकों से बस स्वामियों की तीखी भिड़ंत भी हुई। बाद में बोलेरो चालकों ने बस स्वामियों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर भी दी। गढ़वाल मोटर्स यूजर्स समिति, कुमाऊं मोटर ऑनर्स, कुमाऊं आदर्श यातायात समिति एवं गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन प्रतिनिधियों का कहना है कि परिवहन विभाग अनुबंधित टैक्सियों द्वारा नियम विरुद्ध टैक्सियों का संचालन कराए जाने से सहकारी परिवहन संस्थाओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पूर्व में कई बार संस्थाओं की ओर से इन टैक्सियों पर रोक लगाए जाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन सरकार कोई कार्यवाही नहीं कर रही है। एसडीएम परितोष वर्मा को दिए गए ज्ञापन में बस स्वामियों ने आरोप लगाया कि अनुबंधित टैक्सी चालक नियम विरुद्ध जहां-तहां से सवारियां उठाने के साथ ही उनके बस अड्डों से भी सवारियां भरते हैं। सवारियों को लेकर कई बार टैक्सियों के संचालकों से विवाद भी हो चुका है। चेतावनी दी कि यदि टैक्सियों के नियम विरुद्ध संचालन पर रोक नहीं लगाई गई तो पर्वतीय मार्गोें पर सेवाएं देने वाली चारों सहकारी परिवहन संस्थाएं 20 दिसंबर से पर्वतीय मार्गों पर बसों का संचालन बंद करने के साथ ही 21 दिसंबर से पूर्ण चक्काजाम करने को मजबूर होंगी।
ज्ञापन देने वालों में यूजर्स समिति के अरविंद गुंसाई, मनोज कठायत, जितेश रावत, धीरेंद्र गुंसाई, नारायण सिंह, नरेंद्र रावत, मो. इमरान, हफीज कुरैशी, अनिल शर्मा, गणेश रावत, सुनील भट्ट, विक्रम पटवाल, पुष्प नेगी, राजेंद्र सिंह, सुमन जोशी, सुनील ढौडियाल आदि शामिल रहे।
दूसरी ओर शनिवार सुबह सवारियां भरने को लेकर हुआ विवाद कोतवाली तक पहुंच गया। धामपुर निवासी ओमपाल सिंह और जसपुर निवासी संजय कुमार ने अज्ञात बस स्वामियों-चालकों के खिलाफ कोतवाली में क्रमश: 4030 रुपए तथा छह हजार लूटने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। हालांकि कोतवाल संजय पांडे ने बताया कि मारपीट के मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है।