नैनीताल। प्रतिबंधित नशे के इंजेक्शनों की तस्करी के मामले में विशेष एनडीपीएस अदालत ने मां-बेटे को 15-15 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। विशेष न्यायाधीश संजीव कुमार की अदालत ने दोनों पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अर्थदंड नहीं देने पर एक-एक साल का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।
बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस ने दो सितंबर 2022 को रोशन से से 103 प्रतिबंधित ब्यूप्रेनॉर्फिन और एविल इंजेक्शन बरामद किए थे। विवेचना में सामने आया कि उसका बेटा मो. शानू उर्फ राजा उर्फ लंगड़ा मुरादाबाद और रामपुर से इंजेक्शन लाकर मां को बेचने के लिए देता था। इसके बाद दोनों क्षेत्र के युवाओं को इंजेक्शन बेचते थे।
पुलिस ने 12 दिसंबर 2022 को आरोप पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आठ गवाह पेश किए। साक्ष्यों और दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने रोशन को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और शानू को धारा 29 के तहत दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।