हल्द्वानी। गौला और नंधौर नदी में खनन कार्य में लगे सात हजार से ज्यादा डंपरों के पहिये 30 मई को थम जाएंगे। अब इन वाहनों के सरेंडर करने की प्रक्रिया शुरू हो रही है। परिवहन विभाग कार्यालय में 31 मई को अवकाश है। ऐसे में सारे कागज 30 मई तक जमा करने के लिए पत्र जारी किया गया है। डंपर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने एआरटीओ से 31 मई को कार्यालय खोलने की मांग की है।
एआरटीओ प्रशासन बीके सिंह ने गौला खनन मजदूर उत्थान समिति, डंपर एसोसिएशन हल्द्वानी, गौला संघर्ष समिति, नंधौर खनन समिति के अध्यक्ष व सचिव को पत्र भेजकर वाहनों के कागज व अन्य पत्रावलियों को जमा करने के लिए कहा है। उन्होंने आदेश में कहा है कि पिछले साल की भांति इस बार भी खनन सत्र समाप्ति के बाद खनन में लगे वाहनों के सभी प्रपत्र कार्यालय में जमा करना अनिवार्य है। 31 मई को अवकाश है। ऐसे में 30 मई की शाम तक कार्रवाई पूर्ण कर ली जाए।
निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त होने वाली पत्रावली पर विलंब के कारण सामने आई किसी भी प्रकार की असुविधा के लिए वाहन स्वामी जिम्मेदार होंगे। उधर गौला खनन मजदूर संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट के साथ राजेंद्र सुयाल, राजेश बिष्ट, कमल मेहरा, मोहन चंद ने एआरटीओ से मिलकर 31 मई को कार्यालय खोलने की मांग की।