रामनगर (नैनीताल)। नेशनल हाईवे 309 रामनगर-बुआखाल पर धनगढ़ी और पनोद नाला शुक्रवार को उफान पर थे जिससे सैकड़ों यात्री फंस गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने पानी का बहाव कम होने के बाद 50 से अधिक छोटे-बड़े वाहनों को नाले से सकुशल निकाला।
भारी बारिश की वजह से नदी नाले उफान पर आ गए थे। धनगढी और पनोद के अलावा मोहान में पन्याली, भकराकोट नाले भी उफान पर होने से यात्रियों की गाड़ियां जगह-जगह पर फंसी हुई थीं।
इस पर धनगढ़ी और पनोद नाले पर एसडीएम राहुल शाह, तहसीलदार कुलदीप पांडेय, कोतवाल अरुण कुमार सैनी सहित पुलिस बल तैनात रहा। तहसीलदार ने बताया कि देर रात करीब दो बजे तक दोनों नालों पर फंसे 50 से अधिक यात्री वाहनों को सकुशल निकालकर रवाना किया गया।
60 हजार क्यूसेक तक पहुंचा था कोसी नदी का पानी
लगातार हो रही बारिश की वजह से कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई थी। शुक्रवार को सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अमित गुप्ता ने बताया कि शाम आठ बजे तक कोसी नदी का जलस्तर 60,000 क्यूसेक पार था। शनिवार को कोसी नदी का जलस्तर 28,000 क्यूसेक हो गया जो लगातार घट रहा है।