अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में बुधवार को दो मैच खेले गए। इनमें मुरादाबाद और उदयपुर की टीम ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से किया जा रहा है।
नैनीताल में शाम के वक्त हुई ओलावृष्टि और बारिश के बाद मैच चार बजे से शुरू हुआ। डीएसए मैदान में पहले मैच में सीएलएससी नैनीताल और मुरादाबाद हॉकी एकेडमी की टीमें आमने-सामने थीं। पहले हाफ से ही मुरादाबाद की टीम 2-0 से बढ़त बनाए हुई थी। 11वें मिनट में आफताब खान तथा 14वें मिनट में इकबाल खान ने गोल किया। दूसरे हाफ में फिर मुरादाबाद से 30वें मिनट में ललित कुमार तथा 39वें मिनट में वसी उल्ला खां ने गोल दागा। काफी कोशिशों के बाद नैनीताल की टीम ने खेल के 40वें मिनट में गोल करने में कामयाबी पाई। यह गोल दीपक ने किया। मुरादाबाद ने नैनीताल को 4-1 से हराकर मैच जीत लिया।
दूसरे मैच में चैंपियन हॉकी क्लब रामपुर और मेवाड़ यूनाइटेड क्लब उदयपुर की टीमों के बीच मुकाबला हुआ। यह मैच उदयपुर ने 3-0 से जीता। पहले हाफ से ही उदयपुर की टीम 1-0 से बढ़त बनाए थी। टीम के लिए यह गोल 7वें मिनट में मनीष यादव ने किया। मध्यांतर बाद फिर उदयपुर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर दो गोल और दागे। जिसमें 38वें मिनट में मोहित चौधरी व 59वें मिनट में मनीष रावत ने गोल किया।
आज के मुकाबले
- 3.30 बजे से डीएचए मनसौर बनाम एनई रेलवे वाराणसी
- 4.45 बजे से गुरु नानक हॉकी क्लब बरेली बनाम प्रिंस हांकी क्लब शाहजहांपुर