फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डिस्कवरी पर आज नजर आएंगे मोदी

विज्ञापन
रामनगर कॉर्बेट पार्क में शूटिंग के बाद विजिटर बुक में संदेश लिखते पीएम। अमर उजाला - फोटो : RAMNAGAR
विज्ञापन
रामनगर (नैनीताल)। जीवटता की मिसाल कहे जाने वाले मैन वर्सेस वाइल्ड फेम बेयर ग्रिल्स के साथ पीएम नरेंद्र मोदी को देखने का इंतजार खत्म हो गया है। सोमवार रात नौ बजे मोदी डिस्कवरी के मैन वर्सेस वाइल्ड में बेयर ग्रिल्स के साथ कार्बेट के खतरनाक जंगल में साहस का परिचय देते नजर आएंगे।
विज्ञापन

इस एपीसोड की शूटिंग कॉर्बेट में फरवरी में हो चुकी है। शूटिंग के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने जहां जंगल के हर पहलू को जाना, वहीं जंगलात के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी बातचीत की। रामनगर के लोगों में भी काफी उत्साह है, क्योंकि अब उनका लोकप्रिय कॉर्बेट नेशनल पार्क डिस्कवरी के माध्यम से 180 देशों में देखा जाएगा।
पीएम मोदी का कॉर्बेट पार्क में डिस्कवरी के लिए शूटिंग करना बेहद गोपनीय था। हालांकि अमर उजाला ने अपने पाठकों को इसकी जानकारी 16 फरवरी को दे दी थी। पीएम मोदी ने कॉर्बेट के सफर की शुरुआत कालागढ़ रेंज से शुरू की थी। पीएम को कालागढ़ से ढिकाला तक बीस किलोमीटर के सफर को तय करने में दो घंटे लग गए थे। उस दिन तेज हवा और बारिश से रामगंगा नदी की लहरें उफान मार रहीं थीं। ऐसे हालात में वनकर्मी खुद रामगंगा में बोटिंग से कतराते हैं। बावजूद इसके पीएम मोदी ने उफनती लहरों की परवाह किए बगैर सफर जारी रखा। ढिकाला पहुंचने के बाद पीएम ने डिस्कवरी चैनल के लिए बेयर ग्रिल्स के साथ शूटिंग की।
विज्ञापन

पार्क की जैव विविधता को नजदीक से निहारा
ढिकाला चौड़, सावर रोड, गैठिया रौ, खिनानौली के साथ रामगंगा नदी में शूटिंग के दौरान पीएम मोदी ने पार्क की जैव विविधता को नजदीक से निहारा। कालागढ़ से ढिकाला तक मिले बीहड़ जंगलों को देख प्रधानमंत्री ने वन कर्मियों की गश्त और वन्यजीवों की सुरक्षा के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
सीटीआर निदेशक के बच्चों को दिया प्यार
पीएम मोदी ने सीटीआर निदेशक राहुल के बच्चों के साथ फोटो खिंचवाई और कई सवाल भी पूछे। निदेशक की बेटी श्रेया और बेटा हर्ष से सवाल पूछा कि तुम दोनों में कौन सबसे ज्यादा झगड़ा करता है और कौन पढ़ाई में होशियार है। बड़े होकर क्या बनने की ख्वाहिश है। बेटी श्रेया ने कहा कि मैं आपकी तरह पीएम बनना चाहती हूं तो पीएम ने जवाब दिया आपको पीएम बनता देखने के लिए मुझे काफी इंतजार करना पड़ेगा। मोदी ने निदेशक की पत्नी स्नेहा का भी हाल जाना।
शूटिंग के बाद अधिकारियों की ली थी बैठक
डिस्कवरी चैनल की शूटिंग करने के बाद पीएम मोदी ने खिनानौली में अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को वन्य जीवों की सुरक्षा में किसी भी तरह की कोताही न बरतने की नसीहत दी थी। इसके अलावा, मानव व वन्यजीवों में हो रहे संघर्ष पर शोध करने को कहा और पार्क के संबंध में हर छोटी से बड़ी जानकारी हासिल की।
पर्यटकों को दिखाया जाएगा डिस्कवरी का शो
कॉर्बेट पार्क में रात्रि विश्राम को आने वाले पर्यटकों को वन्यजीव संबंधित फिल्में दिखाई जाती रहीं हैं। अब उन फिल्मों के साथ ही कॉर्बेट पार्क में मैन वर्सेस वाइल्ड शो भी दिखाया जाएगा। इस शो के माध्यम से पर्यटक जान सकेंगे कि पीएम मोदी ने कॉर्बेट नेशनल पार्क में आकर कहां-कहां शूटिंग की थी और वन्यजीवों को निहारा था।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें