केंद्र में भाजपा की सरकार काबिज हुए नौ माह हो चुके हैं, लेकिन महंगाई पर आश्वासन के अनुरूप लगाम नहीं लग सकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार का पहला आम बजट आने वाला है। इसे लेकर खासकर महिलाओं में काफी उत्सुकता है। उन्हें ऐसा आम बजट नहीं चाहिए जो कि उनके किचन का बजट ही बिगाड़ कर रख दे।
पिछले साल 2014 में लोकसभा चुनाव के वक्त दूसरे राजनैतिक दलों की तरह भाजपा ने भी महंगाई पर अंकुश लगाने के तमाम वायदे किए थे। हकीकत क्या है यह तमाम वस्तुओं की कीमतों के रेट में अंतर से पता लगाया जा सकता है। गृहणियां कहतीं कि आधी कमाई तो महंगाई डायन ही खा जाती है, बाकी में घर का खर्च चलाना बहुत मुश्किल हो रहा है।
आम बजट के बारे महिलाएं क्या सोचती हैं, इस बारे में हमने एक मध्यम वर्गीय परिवार से जाकर बात की। घरेलू कामकाज में लगी गृहणी रश्मि से जब बजट के बारे में सवाल किया तो वह तुरंत गैस का चूल्हा बंद कर देती हैं और कहतीं हैं कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार किचन की महंगाई कम करने वाला बजट दे दें तो कमाल ही हो जाएगा।
इसी बीच स्कूल से लौटे दोनों बच्चों को खाना देने के बाद फिर वह कहतीं हैं कि क्या बताएं पहले किचन का सामान तीन से पांच हजार में आ जाया करता था, लेकिन अब तो दस हजार रुपए भी कम पड़ जाते हैं। मोदी सरकार को महिलाओं का ख्याल कर इस बार कम से कम खाद्य वस्तुओं को सस्ता कर देना चाहिए, ताकि लोगों को लगे कि अब अच्छे दिन वास्तव में आ गए हैं। किसी भी वस्तु पर महंगाई न बढ़े, इसकी भी सरकार को कठोर व्यवस्था करनी चाहिए।
खाद्य वस्तुओं पर महंगाई वर्ष 2014 में अब 2015 में
- आटा (प्रति किलो) 20 से 21 रुपए 20 से 21 रुपए
- तेल सरसों 80 से 85 रुपए 90 रुपए
- वनस्पति घी 75 से 80 रुपए 70 रुपए
- रिफाइंड आयल 75 से 90 रुपए 75 से 80 रुपए
- नमक 15 से 18 रुपए 16 से 24 रुपए
- चीनी 35 से 36 रुपए 29 से 30 रुपए
- चावल मोटा 22 से 25 रुपए 20 22 रुपए
- चावल शरबती 45 से 55 रुपए 32 से 34 रुपए (नया)
- दाल अरहर 70 रुपए 85 से 95 रुपए
- राजमा 120 रुपए 75 से 80 रुपए
- दाल मलका 70 से 75 रुपए 75 से 80 रुपए
- लाल मलका 75 से 80 रुपए 80 से 85 रुपए
- दाल उड़द काली 70 रुपए 90 रुपए
- दाल उड़द धुली 80 रुपए 100 रुपए
- चना काबली 90 से 100 रुपए 50 से 70 रुपए
- चना काला 50 रुपए 45 रुपए
- दाल मूंग धुली 90 से 100 120 रुपए
- बेसन 50 रुपए 60 रुपए
- नहाने का साबुन 25 से 30 रुपए 25 से 40 रुपए
- चाय पत्ती खुली प्रति किलो 200 से 240 रुपए 250 से 260 रुपए
----
मिर्च मसाले वर्ष 2014 में अब 2015 में
- हल्दी पिसी (प्रति किलो) 120 रुपए 160 रुपए
- मिर्च 120 से 140 रुपए 180 से 200 रुपए
- धनिया 150 रुपए 200 रुपए
- जीरा 160 से 170 रुपए 200 रुपए
- लौंग 850 रुपए 1000 रुपए
- बड़ी इलाइची 1400 रुपए 2000 रुपए
- छोटी इलाइची 1200 रुपए 1400 रुपए
- काली मिर्च 600 से 650 रुपए 800 से 850रुपए --
ड्राई फ्रूट पर चढ़ी महंगाई वर्ष 2014 में अब 2015 में
- काजू (प्रति किलो) 450 से 500 रुपए 600 रुपए
- बादाम गिरी 600 से 650 रुपए 850 रुपए
- मखाना 400 रुपए 500 रुपए
- गोला 120 से 140रुपए 200 से 225 रुपए
------
दूध - घी भी हुए महंगे वर्ष 2014 में अब 2015 में
- दूध (प्रति लीटर) 36 रुपए 40 रुपए
- देसी घी आंचल 350 रुपए 350 रुपए
- मक्खन 310 रुपए 350 रुपए
- पनीर 250 रुपए 270 रुपए
रसोई गैस की कीमत नहीं बढ़ी
महंगाई की मार से रसोई गैस सिलेंडर बचा रहा। वर्ष 2012 में सरकार ने इसकी कीमत बढ़ाकर 350 की थी। इसके बाद 10 रुपए कभी 20 रुपए बढ़ते-बढ़ते पिछले साल ही 440 रुपए पहुंच गए हैं।