हल्द्वानी। भले ही आतंकवादी सच में नहीं आए थे लेकिन मॉकड्रिल ने उनका अहसास लोगों को करा दिया। पुलिस फोर्स ने आतंकी घटना होने की स्थिति में उसे रोकने, घायलों को समुचित इलाज और उस दौरान सामने आने वाली हर परिस्थिति का सामना करने का अभ्यास किया। नैनीताल रोड स्थित वॉक-वे मॉल में घुसे तीन आतंकवादियों में से एक को मौके पर ढेर किया तो दो को घायल किया। तीन नागरिक भी घायल हुए। हालांकि यह सब अभ्यास का हिस्सा था।
मॉकड्रिल के तहत एसपी सिटी प्रकाश चंद्र के साथ ही कई थानों की फोर्स आतंकियों के मॉल में घुसने की सूचना पर पहुंच गई। कुछ ही मिनटों में एसएसबी, एसडीआरएफ, क्यूआरटी, एटीएस भी पहुंची। पूरे इलाके को खाली करा लिया गया। मुख्य जिम्मेदारी एसएसबी, क्यूआरटी और एटीएस ने संभाली। डिप्टी एसपी के नेतृत्व में टीम ने आतंकियों को घेर लिया। फायरिंग में एक आतंकी ढेर हो गया। उसके दो साथी घायल हुए।
घायल आतंकवादियों के लिए बेस अस्पताल जबकि जख्मी नागरिकों के इलाज के लिए बृजलाल अस्पताल चुना गया था। बेस अस्पताल में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के साथ सभी ने अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन किया। एक से सवा घंटे के इस ऑपरेशन के जरिये आतंकवादियों से लड़ने की पूरी ट्रेनिंग भी मिली। यहां सभी से फीड बैक भी लिया गया ताकि यदि ऐसी परिस्थिति आए तो कमियों काे भी दूर किया जा सके।