नैनीताल के कमिश्नर कार्यालय में आग लगने की सूचना पर बृहस्पतिवार को आपदा प्रबंधन, पुलिस, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमों ने मॉक ड्रिल की। दोपहर 12:18 बजे सूचना मिलते ही टीमें रवाना हुईं और एसडीआरएफ व फायर सर्विस की टीमें 8-9 मिनट में मौके पर पहुंचीं।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
नैनीताल के कमिश्नर कार्यालय में आग लगने की सूचना पर बृहस्पतिवार को आपदा प्रबंधन, पुलिस, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमों ने मॉक ड्रिल कर त्वरित बचाव एवं राहत कार्यों का अभ्यास किया। दोपहर 12:18 बजे आग की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम से टीमों को रवाना किया गया। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें करीब 8 से 9 मिनट में मौके पर पहुंच गईं।
विज्ञापन
एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान एंबुलेंस और अग्निशमन वाहनों के सुगम आवागमन के लिए तल्लीताल पुलिस को फांसी के सिरे से राजभवन तक मार्ग खाली रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, बीडी पांडे अस्पताल में पुलिस टीम पहले से तैनात रही, ताकि चिकित्सकों और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
अभ्यास के दौरान चार लोगों के घायल होने की सूचना मिली। जिसमें दो लोग आग में झुलस गए और दो को हल्की चोटें आई। प्रशासनिक टीम ने घायलों को बाहर निकाला, जबकि एसडीआरएफ ने प्राथमिक उपचार देकर घायलों को एंबुलेंस से बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया। फायर सर्विस की टीम ने कार्यालय के आसपास के कमरों की तलाशी लेकर अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को भी जांचा।
विज्ञापन
मॉक ड्रिल के निरीक्षण में पुरानी वायरिंग के कारण शॉर्ट सर्किट की आशंका सामने आई। वहीं, भवन में लकड़ी के फ्रेम को देखते हुए उपयुक्त अग्निशमन उपकरणों की व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत बताई गई। आग पर काबू पाने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने और भवन की तलाशी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मॉक ड्रिल का समापन किया गया।
अस्पताल में चार घायलों को भर्ती कर दिया उपचार
मॉक ड्रिल के तहत दो झुलसे लोगों को दोपहर 12:47 बजे और दो चोटिलों को 1:07 बजे बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। चारों को भर्ती कर उपचार दिया गया। सर्जन डॉ. प्रशांत ओली ने बताया कि कमिश्नरी में कार्यरत गोविंद सिंह (31) और नवीन सिंह (55) करीब 15 प्रतिशत झुलसे हुए दर्शाए गए, जबकि भूपाल सिंह (53) और शौरभ सिंह मेहता (26) गिरने से चोटिल हुए थे। सभी को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया।